प्रियंका गांधी की अगुवाई में यूपी चुनाव प्रचार में जुटी कांग्रेस,यूपी में शुरू हुई प्रतिज्ञा यात्रा

 

यूपी विधानसभा के चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी प्रियंका गांधी के नेतृत्व में पूरी ताकत से मैदान में उतरती दिख रही है।  बता दें कि महिलाओं को टिकट में 40 प्रतिशत रिजर्वेशन देने की घोषणा के बाद शनिवार से कांग्रेस ने प्रतिज्ञा यात्रा शुरू कर दी है। ये यात्रा प्रियंका गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही है।

गौरतलब है कि कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने शनिवार को बाराबंकी से तीन प्रतिज्ञा यात्रा को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान उन्होंने कई बड़ी घोषणाएं भी की हैं। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस की सरकार यूपी में आती है तो स्कूली लड़कियों के लिए मुफ्त ई-स्कूटी और मोबाइल फोन, कृषि ऋण माफी, गरीब परिवारों को 25,000 रुपया प्रति वर्ष, सभी के लिए बिजली बिल आधा और कोविड अवधि के लंबित बिजली बिलों को पूरी तरह से माफ किया जाएगा।

नौकरियों को लेकर भी प्रियंका ने एक बड़ा बयान दिया है। प्रियंका ने कहा हम 20 लाख सरकारी नौकरी भी देंगे। चावल और गेहूं के लिए एमएसपी 2500 रुपये प्रति क्विंटल और गन्ने के लिए 400 रुपये प्रति क्विंटल किसानों को मिलेगा। इस दौरान प्रियंका गांधी खेतों में महिलाओं से बात करती भी दिखीं।

प्रियंका ने वहां मौजूद महिलाओं के हाथों से खाना भी खाया। प्रियंका गांधी ने- “मैं उनकी कामकाजी परिस्थितियों को समझना चाहती हूं कि वे अपनी बेटियों की परवरिश कैसे कर रही हैं और क्या वे उन्हें शिक्षित करने में सक्षम हैं।


गौरतलब है कि कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा बाराबंकी से बुंदेलखंड, सहारनपुर से मथुरा और वाराणसी से रायबरेली तक ये तीन यात्राएं एक नवंबर तक चलेंगी। वाराणसी से रायबरेली की यात्रा का नेतृत्व पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी करेंगे। यह प्रतिज्ञा यात्रा अवध क्षेत्र को कवर करेगा।

वहीं बाराबंकी-बुंदेलखंड मार्ग का नेतृत्व पीएल पुनिया और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री प्रदीप जैन आदित्य करेंगे। जबकि सहारनपुर-मथुरा मार्ग के लिए पार्टी का नेतृत्व पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद और वरिष्ठ नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम करेंगे।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इन रैलियों के दौरान कांग्रेस अपने चुनावी घोषणा पत्र के अलावा राज्य के लोगों को अपने ”सात वादे” बताएगी। कांग्रेस की यह यात्रा 12,000 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यात्रा के दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस, नुक्कड़ सभा, मंदिर के दर्शन, रोड शो, जन सभा आदि का भी आयोजन किया जाएगा।

कांग्रेस पार्टी अभी फिलहाल यूपी विधानसभा चुनाव में अकेले दम पर चुनावी मैदान में उतरती दिख रही है। इस बार पार्टी ने इस चुनाव के लिए प्रियंका गांधी को अपना नेतृत्व सौंपा है। प्रियंका गांधी का फोकस सबसे ज्यादा महिलाओं पर हैं।

 

Post a Comment

0 Comments