'ताऊ ते' का भारत में कहर जारी: इन जगहों पर भारी बारिश की आशंका...

'ताऊ ते' का भारत में कहर जारी: इन जगहों पर भारी बारिश की आशंका...

चक्रवाती तूफान 'ताऊ ते' गुजरात की ओर बढ़ रहा है, ये काफी ताकतवर हो चुका है। इसके कारण केरल और गोवा में इसके चलते भारी बारिश देखने को मिल रही है। भारतीय मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि आज शाम तक ये गुजरात के तट से टकरा सकता है और इस दौरान भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका है। केरल, कर्नाटक, गुजरात, गोवा, महाराष्ट्र में रेड अलर्ट जारी है और मछुआरों को समुद्र में जाने से रोका गया है। अरब सागर से उठे चक्रवात 'ताऊ ते' का खतरा गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक सहित 7 राज्यों पर बना हुआ है। तूफान आज दोपहर 12 से 3 बजे के बीच गुजरात के पोरबंदर तट से टकरा सकता है। इसके बाद दोपहर 3 से शाम 6 बजे के बीच तूफान पोरबंदर और महुवा (भावनगर) के बीच से गुजरेगा। इस दौरान तूफान की गति 175 किलोमीटर प्रतिघंटे तक हो सकती है।

गुजरात में 23 साल बाद इतना भयानक तूफान आ रहा है। इससे पहले 9 जून 1998 में कच्छ जिले के कांडला में इतना भयानक तूफान आया था। इसमें 1173 लोगों की मौत हुई थी और 1774 लोग लापता हो गए थे। गुजरात के तटीय इलाकों से करीब 1.5 लाख लोगों को शिफ्ट किया जा रहा है। पश्चिमी तट से हजारों मकान खाली कराए गए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के डायरेक्टर जनरल (DG) मृत्युंजय मोहपात्रा ने बताया है कि राज्य के 17 जिलों को अलर्ट पर रखा गया है। महाराष्ट्र में मुंबई सहित कई तटीय जिलों में तूफान की वजह से वैक्सीनेशन बंद करना पड़ा है। यहां मुंबई समेत कई शहरों में अलर्ट है।

नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) के डायरेक्टर जनरल एस एन प्रधान ने बताया है कि 7 जिलों में NDRF की 100 से ज्यादा टीमें तैनात की गई हैं। तूफान का सबसे ज्यादा असर गुजरात पर दिख सकता है, इसलिए अकेले गुजरात में 50 टीमें तैनात हैं।

चार राज्यों में 11 लोगों की मौत

·         कर्नाटक के अलग-अलग जिलों में तूफान से अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है।

·         महाराष्ट्र के जलगांव में रविवार दोपहर 3 बजे एक पेड़ के झोपड़ी पर गिरने से 17 और 12 साल की दो बहनों की मौत हो गई। उनकी मां की हालत गंभीर है।

·         गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा है कि तूफान के कारण राज्य में 2 लोगों की मौत हुई है।

·         तमिलनाडु के कन्याकुमारी में दीवार गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई। इसमें 2 साल का एक बच्चा और दूसरा 36 साल का व्यक्ति शामिल है।

·         गुजरात पर सबसे ज्यादा असर

·         मौसम विभाग का कहना है कि इस चक्रवात का सबसे ज्यादा असर गुजरात पर पड़ेगा। द्वारका, कच्छ, पोरबंदर, जूनागढ़, गिर सोमनाथ, अमरेली, राजकोट, मोरबी और जामनगर जिलों में फूस के बने मकान पूरी तरह तबाह हो जाएंगे, मिट्टी के घरों को भी भारी नुकसान होगा, पक्के मकानों को भी कुछ नुकसान पहुंच सकता है। भारी बारिश के कारण कुछ इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हो सकते हैं। तूफान के खतरे को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार तो गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को हाई लेवल मीटिंग की और तैयारियों का जायजा लिया।

वायुसेना अलर्ट; मछुआरों को चेतावनी दी गई

तूफान की संभावना को देखते हुए भारतीय वायुसेना भी अलर्ट मोड में है। वायुसेना ने 16 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट और 18 हेलिकॉप्टर को राहत और बचाव कार्य के लिए तैयार रहने के लिए कहा है। गुजरात के कच्छ और सौराष्ट्र के

समुद्री इलाकों में साइक्लोन को लेकर कोस्ट गार्ड अलर्ट पर है। साथ ही मछुआरों को समंदर से दूर रहने की चेतावनी दी गई है।

कर्नाटक के 6 जिलों पर बुरा असर

कर्नाटक के 6 जिलों पर इसका काफी बुरा असर पड़ा है। इन जिलों के 73 गांव इससे प्रभावित हुए हैं। इन 6 जिलों में से 3 समुद्री सीमा से सटे हैं। सभी में पिछले 24 घंटों से भारी बारिश हो रही है। यहां 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

चक्रवाती तूफान ताऊ ते मुंबई को टच करता हुआ गुजरात की ओर बढ़ गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान अपने सबसे उग्र रूम में मुंबई पहुंचा। इस दौरान 185 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। भारी बारिश अभी भी जारी है। मुंबई में कोरोना वैक्सीनेशन रोका गया है और कोरोना मरीजों को दूसरी जगहों पर शिफ्ट किया गया है। एयरपोर्ट भी 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बंद रहेगा। मंुबई वर्ली सी लिंक को भी बंद किया गया है। हाईटाइड की आशंका जाहिर की गई है।

मुंबई के अलावा रायगढ़, सिंधुदुर्ग, पालघर और ठाणे में भी वैक्सीनेशन नहीं होगा। यहां भी कोरोना मरीज शिफ्ट किए गए हैं। मौसम विभाग ने मुंबई, रायगढ़, सिंधुदुर्ग, पालघर और ठाणे में अलर्ट जारी किया है।

मुंबई में NDRF की तीन टीमों को तैनात किया गया है और 5 टीमें अलर्ट पर हैं। 5 जगह अस्थाई शेल्टर होम बनाए गए हैं। शहर के दादर, वर्ली, लोअर परेल, माटुंगा और माहिम सहित मुंबई के पश्चिमी उपनगरीय इलाकों में भारी बारिश हो रही है। मुंबई में वर्ली सी फेस, शिवाजी पार्क, मरीन ड्राइव पर समुद्र तट पर ऊंची लहरें उठ रही हैं।

तूफान से जुड़े जरूरी अपडेट्स...

·         मुंबई के घाट स्टेशन और नित्यानंद नगर के बीच एक लोकल ट्रेन पर गिरा पेड़।

·         मुंबई महानगर पालिका के मुताबिक सुबह 8.30 बजे तक कुलाबा में 17.4 मिमी, सांताक्रूज में 11.9 मिमी बारिश पिछले 24 घंटे में(रविवार सुबह 8.30 बसे से सोमवार सुबह 8.30 बजे तक) दर्ज हुई।

·         BMC ने फील्ड कोविड सेंटरों के मरीजों को दूसरे अस्पतालों में पहुंचा दिया है।

·         स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंटर अथॉरिटी से मिली जानकारी के मुताबिक, राज्य के तीन तटीय जिलों में 6,500 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है।

·         रत्नागिरी में 3,896, सिंधुदुर्ग में 144 और रायगढ़ में 2,500 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। मुंबई, रायगढ़, अलीबाग, रत्नागिरी और पालघर जिलों की सभी नौकाएं समुद्र से लौट आई हैं।

·         तूफान के महाराष्ट्र के रत्नागिरी तट से टकराने के बाद वहां 40 घरों को भारी नुकसान पहुंचा है। सैकड़ों पेड़ उखड़ गए। 3 स्कूल पूरी तरह से ध्वस्त हो गए हैं।

·         जलगांव में झोपड़ी पर पेड़ गिरने से 17 और 12 साल की दो बहनों की मौत हो गई।        

·         मुंबई से वसई-विरार के कई इलाकों में सुबह से ही भारी बारिश हो रही है।

·         पुणे के भोरगिरी और भिवेगांव में 70 घरों को नुकसान पहुंचा है।


 (हर दिल में होते हैं ज़ज्बात, हर मन में हिचकोले लेते हैं ख्यालात कीजिये बयाँ अपने अहसासों को....

साझा कीजिये हमसे अपने लेख, कवितायें या फिर कहानियाँ 

हम पहुंचाएंगे उन्हें उनके कद्रदानों तक @JMDNewsCONNECT में

mail us ur work at @jmdnewsconnect@gmail.com)

SUBSCRIBE our Blog post 

Follow us on https://twitter.com/JmdUpdate

https://www.facebook.com/Jmdtv

https://www.instagram.com/jmdnewsflash/

Post a Comment

0 Comments