भ्रष्ट भू माफिया लेखपाल की साढ़े पाँच करोड़ की संपत्ति जप्त

 950 बीघा जमीन के हेराफेरी के  आरोप 

मैनपुरी- उत्तर प्रदेश के जनपद मैनपुरी में पुलिस ने एक भू-माफिया लेखपाल पर शिकंजा कस दिया। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। सीओ भोगांव के निर्देशन में कोतवाली और बिछवां पुलिस ने लेखपाल की पांच करोड़ से अधिक की संपत्ति कुर्क कर ली। इस दौरान लेखपाल के परिजनों को घर से बाहर निकालने के लिए पुलिस को नोकझोंक का सामना भी करना पड़ा लेकिन महिला पुलिस की मदद से घर की महिलाओं को बाहर निकाल दिया गया और लेखपाल के मकान पर सील लगा दी गई। संपत्ति का रिसीवर तहसीलदार को बनाया गया है। आरोपी लेखपाल को पिछले दिनों पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेजा है।

     भोगांव के ग्राम अहिरवा में हुए करोड़ों के जमीन घोटाले में नगर के राजा का बाग निवासी लेखपाल प्रदीपेंद्र सिंह चौहान के खिलाफ भी भोगांव थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी हुई। बिछवां थाने में भी उसके खिलाफ मुकदमा था। आरोपी लेखपाल के विरुद्ध डीएम कोर्ट में संपत्ति जब्त करने का मामला चल रहा था। डीएम ने लेखपाल की संपत्ति जब्त करने के आदेश जारी कर दिए। को सीओ भोगांव अमर बहादुर सिंह, सीओ सिटी अभयनरायन राय, कोतवाली और बिछवां पुलिस को लेकर राजा का बाग गली नंबर 4-ए में पहुंचे और लेखपाल के घर कुर्की की कार्रवाई शुरू की। पुलिस घर को कुर्क करने पहुंची तो लेखपाल के परिवार की महिलाओं ने दरवाजा खोलने से इंकार कर दिया। इसके बाद महिला पुलिस को बुलाया गया और पुलिस ने जबरन दरवाजा खुलवाया। इस दौरान परिवार के लोगों से पुलिस की नोकझोंक भी हुई लेकिन पुलिस ने परिवार के लोगों को बाहर निकाला और मकान सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान चार मंजिला मकान और दुकानें सील की गई हैं।

सीओ अमर बहादुर सिंह ने बताया कि लेखपाल ने नोएडा में भी लाखों की संपत्ति खरीदी है। मूल रूप से कुरावली के फतेहजंगपुर निवासी प्रदीपेंद्र ने 2011 में दादरी गौतमबुद्ध नगर के ग्राम चिप्पियाना बुजुर्ग में खाली प्लाट 116.44 वग मीटर का खरीदा था। जिसकी वर्तमान कीमत 80 लाख रुपये है। दादरी में ही लेखपाल ने 104.72 वर्ग मीटर का दूसरा प्लाट खरीदा है, इसकी कीमत भी लगभग 80 लाख रुपये बताई गई है। इस संपत्ति को सीज करने के लिए डीएम गौतमबुद्ध नगर को डीएम मैनपुरी की तरफ से पत्र भेजा गया है। 


 

Post a Comment

0 Comments